पुलिस गश्त व नाकाबंदी के बावजूद जिले में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही है। घरों में सेंधमारी व दोपहिया वाहन चोरी के साथ ही घरों के बाहर खड़े बड़े वाहनों की बैटरियों की निशाना बनाना शुरू कर दिया है। पिछले एक माह के दौरान जिला में 22 से अधिक घरों में सेंधमारी कर नकदी व जेवरात चोरी हो चुकी है। शुक्रवार रात को चोरों ने गांव मूंदी व प्राणपुरा और मूंदी बस स्टैंड पर घरों के बाहर खड़े सात वाहनों में से 13 बैट्रियां व अन्य सामान चोरी कर लिया। सुबह उठने पर लोगों ने देखा कि वाहनों की बैटरियां गायब है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से चोरों की सुराग लगाने के प्रयास तेज कर दिए है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात को चोरों ने मूंदी, प्राणपुरा व मूंदी गांव के बस स्टैंड पर जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने मूंदी बस स्टैंड स्थित हरियाणा होटल के बाहर रखे जनरेटर से दो बैट्री, रणबीर नंबरदार की जेसीबी मशीन से 2 बैट्री, हाईवा से 3 बैट्री, मूंदी गांव में घर के बाहर खड़े दो ऑटो से 2 बैट्री, हरिओम धर्मकांटे पर खड़े 3 ट्रैक्ट्ररों से तीन बैटरी एवं गांव प्राणपुरा में एक घर के बाहर खड़े एक वाहन की बैट्री की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह ग्रामीणों ने देखा कि वाहनों से बैट्रियां गायब है तो पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद डहीना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस नेे फोरेंसिक एक्सपर्ट की मदद से चोरों का सुराग लगाने के प्रयास कर दिए है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
चोरों का सुराग लगाने के लिए पुलिस घरों व दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि आरोपियों के बारे में कोई सुराग मिल सके। पीड़ितों ने बताया कि कई स्थानों पर तो चोरों ने घरों के बाहर लगे कैमरों में स्प्रे का छिड़काव कर दिया था, जिससे कैमरे में तस्वीर कैद नहीं हो पाई।
ग्रामीणों में रोष
एक रात में एक दर्जन चोरियों के बाद से ग्रामीणों व दुकानदारों में रोष है। गुलशन शर्मा, दीपक, कृष्ण कुमार, लोकराम, प्रदीप कुमार, लीलूराम व सरजीत सहित अन्य ने बताया में मूंदी बस स्टैंड पर आए दिन चोरी की घटना हो रही है। कई बार पुलिस के उच्च अधिकारियों के पास भी शिकायत की जा चुकी है। इसके बाद हालात ज्यों के त्यों बने हुए है। पिछले छह माह के दौरान यहां 15 से अधिक दुकानों व घरों के चोरी की घटना हो चुकी है, लेकिन पुलिस द्वारा किसी भी घटना में आरोपी को काबू नहीं कर पाई है।
कई गांवों में हो चुकी चोरी की बड़ी घटनाएं
चोरों द्वारा गांव बालावास-जाट, बालावास जमापुर व राजगढ़ आदि गांवों में एक ही रात में तीन-तीन घरों में सेंधमारी कर नकदी व जेवरात चोरी कर लिए है, लेकिन पुलिस आरोपियों का सुराग नहीं लगा पाई है।
गांवों में शुरू किया ठीकरी पहरा
जिले में बढ़ती चोरियों को रोकने के लिए ग्रामीणों द्वारा स्वयं ही पहरेदारी शुरू कर दी है। गांवों में ग्रामीणों द्वारा टीमें बनाकर ठीकरी पहरा शुरू कर दिया गया है। हालांकि पुलिस की ओर से भी रात को गश्त करने का दावा किया जा रहा है।
आरोपियों का सुराग लगाने के प्रयास: जांच अधिकारी
डहीना पुलिस चौकी के प्रभारी नरेंद्र कुमार ने कहा कि घरों के बाहर खड़े वाहनों की बैट्रियां चोरी करने के मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों का सुराग लगा लिया जाएगा।
फोटो-25-26