लार्वा की जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम। स्रोत: विभाग
रेवाड़ी। जिले में मंगलवार को दो नए डेंगू के मरीज पाए गए। इसके साथ ही इस सीजन में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 61 हो गई है। दोनों नए मरीज निजी अस्पतालों में जांच के दौरान सामने आए हैं। राहत की बात यह है कि किसी भी अस्पताल में डेंगू का मरीज भर्ती नहीं है और अब तक डेंगू से किसी की मौत भी नहीं हुई है।
नोडल अधिकारी डॉ. जोगेंद्र तंवर ने बताया कि जिले में अब तक कुल 3519 सैंपलों की जांच की जा चुकी है। मंगलवार को 12 सैंपल लिए गए, जिनमें सरकारी अस्पतालों में कोई सैंपल नहीं लिया गया, जबकि निजी अस्पतालों में 12 सैंपल एकत्रित किए गए। जिले में मिले कुल 61 मरीजों में 18 सरकारी और 43 निजी अस्पतालों में सामने आए हैं।
क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार रेवाड़ी शहरी क्षेत्र में डेंगू के सबसे अधिक 27 मरीज मिले हैं। इसके अलावा सीएचसी बावल क्षेत्र में 13, मीरपुर में 12, गुरावड़ा में 5, खोल में 3 और नाहड़ में एक मरीज मिला है।
40 मरीजों का ओपीडी में हुआ उपचार
रिपोर्ट के अनुसार कुल 61 मरीजों में से 40 का उपचार ओपीडी में किया गया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी। वहीं, 21 मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने के बाद छुट्टी दी जा चुकी है। मंगलवार को न तो कोई नया मरीज अस्पताल में भर्ती हुआ और न ही किसी मरीज को छुट्टी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक 18 लाख 92 हजार 458 घरों की जांच और मच्छरों के स्रोत समाप्त करने की गतिविधियां की जा चुकी हैं। इस दौरान 2805 नोटिस भी जारी किए गए हैं। जिले में अब तक मलेरिया के 14 मामले सामने आए हैं, जिनमें 9 स्थानीय और 5 दूसरे जिले या राज्य के हैं। मलेरिया का अंतिम मामला 29 सितंबर को मिला था।