रेवाड़ी। पुलिस टीम ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की मुद्रा-पानीपत पाइप लाइन के रेवाडी-पानीपत सेक्शन से तेल चोरी करने के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान यूपी के जिला औरैया के गांव चिमकुनी निवासी शिवराज और इटावा के गांव जैतपुर निवासी मुकेश के रूप में हुई है। पुलिस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों को अदालत में पेश करके शिवराज को न्यायिक हिरासत में और मुकेश को पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस ने बताया कि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के सहायक प्रबंधक सचेत यादव ने अपनी शिकायत में बताया था कि रेवाड़ी के उतरी क्षेत्र पाइप लाइन के सहायक प्रबंधक पद पर कार्यरत है। 28 फरवरी को मुद्रा-पानीपत पाइप लाइन के रेवाडी-पानीपत सेक्शन पर गश्त करते समय, गार्ड राधेश्याम को गांव भाड़ावास की सीमा में कच्चा तेल फैला मिला। सूचना पर जाकर देखा तो गांव भाड़ावास की सीमा में पाइप लाइन को क्षति पहुंचा कर तेल चोरी किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना रामपुरा में मामला दर्ज करके दो आरोपी अवधेश उर्फ दीपू और भारत को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले दो और आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।