धारूहेड़ा। गांव कापड़ीवास से राजस्थान के भिवाड़ी की ओर जाने वाले हाईवे की सर्विस लेन पर दो कारों की टक्कर हो गई। हादसे में एक कार चला रहे सरकारी स्कूल के अध्यापक की मौत हो गई। वहीं, दूसरी कार में एयरबैग खुलने की वजह से उसके ड्राइवर की जान बच गई। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव बोड़िया कमालपुर निवासी करीब 48 वर्षीय अरुण कुमार दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्थित गांव कापड़ीवास के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बतौर अध्यापक कार्यरत थे। वह कापड़ीवास-भिवाड़ी हाइवे स्थित द्वारकाधीश सोसाइटी में रहते थे। मंगलवार को अरुण कुमार अपनी आई-10 कार से स्कूल जा रहे थे। उन्होंने कापड़ीवास-भिवाड़ी हाईवे से अपनी कार को सर्विस लेन पर उतारा तो सामने भिवाड़ी की तरफ से एक तेज रफ्तार सफेद रंग की कार आ रही थी। कार ने अरुण कुमार की आई-10 गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों कारें आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर लगने के बाद कार के एयरबैग खुल गए। वहीं अध्यापक अरुण कुमार अपनी कार में ही फंसे रहे। उनके सिर और माथे पर गंभीर चोटें लगी और काफी खून बह रहा था। सूचना के बाद मौके पर पहुंचें लोगों ने अरुण कुमार को भिवाड़ी के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया। स्टाफ के सदस्य उन्हें गंभीर अवस्था में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने अरुण कुमार को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना के बाद सेक्टर-6 धारूहेड़ा थाना पुलिस पहले मौके पर पहुंची और उसके बाद अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। वहीं हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।