राजस्थान सीमा के निकट सक्रिय बदमाश आए दिन वारदात कर रहे हैं। पुलिस कुछ दिन पहले एक ज्वेलर्स के साथ हुई लूट की वारदात सुलझा भी नहीं पाई थी कि बदमाशों ने बाइक पर जा रहे दो भाइयों से पिस्तौल दिखा कर बाइक, मोबाइल और नकदी छीन ली। बावल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जिला अलवर के गांव सुंदरवाडी निवासी नरेश कुमार ने बताया कि वह बाइक पर अपने भाई भीमराव के साथ 23 मार्च की रात को बावल से गांव आ रहा था। रात करीब साढ़े दस बजे गांव पावटी के निकट पहुंचे तो अज्ञात व्यक्ति ने उनका रास्ता रोक लिया तथा पिस्तौल तान दी। आरोपी ने उनसे दो मोबाइल, बाइक व पर्स छीन लिया। पर्स में करीब 3200 रुपये की नकदी व बाइक के कागजात थे। नरेश की शिकायत पर बावल थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।