स्कॉर्पियो की टक्कर से तीन भाई-बहनों में से एक की हुई मौत
- फोटो : संवाद
रेवाड़ी में कोटकासिम रोड पर बोलनी चौक के पास शनिवार देर रात एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजस्थान के खैरथल जिले के भगेरी निवासी नितिन (21) और प्रिंस (20) के रूप में हुई है। दोनों भाई रेवाड़ी के गांव संगवाड़ी में तीज के मौके पर अपनी बहन के घर गए थे और वहां से लौट रहे थे।
तीज पर बहन से मिलने आए थे दोनों भाई
दोनों भाई निजी कंपनी में काम करते थे और अविवाहित थे। शनिवार को तीज के मौके पर दोनों भाई बाइक पर सवार होकर गांव संगवाड़ी में रहने वाली अपनी बहन के घर आए थे। त्योहार की रस्म पूरी करने के बाद दोनों देर रात बाइक से वापस अपने गांव की ओर रवाना हुए। दोनों जैसे ही कोटकासिम रोड पर बोलनी चौक के पास पहुंचे तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। फिलहाल, जिस अज्ञात वाहन से टक्कर हुई है, प्रारंभिक जांच में उसे ट्राला माना जा रहा है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर कसौला थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। रविवार को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
कसौला पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। आरोपी चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। दोनों भाइयों की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। वहीं, संगवाड़ी स्थित बहन के घर भी शोक का माहौल है।
त्योहार की खुशियां मातम में बदली
ग्रामीण सुनील और राजू ने बताया कि किसी ने नहीं सोचा था कि त्योहार की खुशियां मातम में बदल जाएंगी। दोनों भाइयों की मौत की खबर से ग्रामीण परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने पुलिस से वाहन चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कसौला थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस को शनिवार देर रात दुर्घटना की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर जांच पड़ताल की गई। फिलहाल चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।