शनिवार को सुबह दो अलग-अलग हादसों में चालकों की लापरवाही 17 लोगों की जान पर आफत बन गई। दोनों हादसों में जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं दो अभी भी जयपुर व रोहतक में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। इधर, पुलिस ने अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। एक हादसा दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सुबह करीब दो बजे हुआ तो दूसरा रेवाड़ी-महेंद्रगढ़ मार्ग पर सुबह करीब आठ बजे हुआ। दोनों ही हादसों में प्राथमिक तौर पर चालकों की गलती सामने आई है।
जानकारी के अनुसार महेंद्रगढ़ जिला के गांव रिवासा निवासी करीब 35 वर्षीय श्याम सुंदर व विरेंद्र गुरुग्राम स्थित एक ट्रांसपोर्ट कपनी में पिकअप गाड़ी चलाते हैं। शनिवार सुबह दोनों पिकअप लेकर गुरुग्राम की ओर निकले थे। सुबह करीब आठ बजे डहीना के समीप सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को शहर के ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने श्याम सुंदर को मृत घोषित कर दिया। जबकि विरेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने के चलते पिकअप की आमने-सामने की भिंड़त हुई। वहीं दूसरा पिकअप चालक भिंड़त के बाद मौके से फरार हो गया।
चालक को झपकी आई तो सड़क किनारे खड़े ट्राले में ठोक दी मिनी बस
दूसरी घटना में मध्यप्रदेश के उज्जैन निवासी 15 लोग दिल्ली में कांग्रेस की रैली में शामिल होने के लिए जा रहे थे। बस में सवार यात्रियों के अनुसार तड़के करीब 2 बजे चालक को झपकी आ गई, इससे बस एनएच-8 स्थित कसौला चौक के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्राले से जा भिड़ी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची कसौला थाना पुलिस ने घायलों को बस से निकालकर शहर के ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां से एक व्यक्ति को रोहतक रेफर कर दिया गया। घटना के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने यातायात सुचारू कराया।
पुलिस के अनुसार मध्यप्रदेश के उज्जैन जिला निवासी विक्रम सिंह, हेमंत, नारायण सिंह, शिवराम, तोफान सिंह, बदरी लाल, जगदीश, अर्जन, अतुलसिंह, विक्रम, रूपसिंह, बालाराम, ईश्वर लाल, सुबेसिंह व रघुनाथ मिनी बस में सवार होकर कांग्रेस की रैली में शामिल होने के दिल्ली जा रहे थे। कसौला चौक के पास ट्राला में टक्कर से सभी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल सुबेसिंह को रोहतक रेफर कर दिया गया। अन्य सभी घायलों का ट्रामा सेंटर में उपचार किया जा रहा हैं।
आधा घंटे रही हाईवे पर जाम की स्थित
ट्रक व बस की टक्कर के बाद हाईवे पर करीब आधा घंटे तक जाम की स्थित बन गई। घटना स्थल से बनीपुर चौक की ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। पुलिस को जाम खुलवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान को सैकड़ों लोग जाम में फंसे रहे।