यहां प्रदूषण की रोकथाम नहीं, गर्मी से दिलाई जा रही राहत...आपने अकसर देखा होगा कि एंटी-स्मॉग
रेवाड़ी। जिले में मंगलवार को गर्मी का सात साल का रिकाॅर्ड टूट गया। पूरे दिन लू चलने से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। बावल कृषि अनुसंधान केंद्र के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खास बात यह रही कि पिछले सात वर्षों में मंगलवार की सुबह सबसे गर्म रही।
तेज गर्मी और लू के कारण सुबह से ही शहर की सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल दिखाई दी। दोपहर के समय बाजारों और मुख्य मार्गों पर लोगों की आवाजाही कम रही। गर्म हवाओं के चलते लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते नजर आए। वहीं ठंडे पेय पदार्थ, जूस और आइसक्रीम की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई।
सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके मुकाबले मंगलवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री और न्यूनतम तापमान में करीब पांच डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने से रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही।
पिछले वर्षों के मुकाबले गर्म रहा दिन
यदि पिछले वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2024 में इस दिन अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री दर्ज किया गया था। वर्ष 2023 में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री रहा, जबकि 2022 में अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। वहीं वर्ष 2021 में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा था और अधिकतम तापमान केवल 24.5 डिग्री दर्ज किया गया था।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवायजरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। चिकित्सकों के अनुसार लगातार बढ़ती गर्मी और लू के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। लोगों को अधिक मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढककर रखने की सलाह दी गई है।
वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2026 45.5 30.5
2025 42.7 26.6
2024 46.2 27.2
2023 39.5 24.0
2022 45.5 25.5
2021 24.5 21.0
2020 42.0 19.5
2019 38.0 20.0