रेवाड़ी। धारूहेड़ा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने महेश्वरी के निकट 75 फुट रोड पर भिवाड़ी स्थित बीयर कंपनी के मैनेजर अरजीत दत्ता के साथ मारपीट कर उनको अगवा करने की कोशिश की। कोशिश में विफल रहने पर बदमाश उनकी इको स्पोर्ट्स कार लूटकर फरार हो गए। धारूहेड़ा पुलिस ने पीड़ित मैनेजर की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मूलरूप से कलकत्ता के विद्यापति भवन निवासी अरजीत दत्ता भिवाड़ी स्थित बीयर कंपनी में मैनेजर हैं। मंगलवार रात वह कंपनी से ड्यूटी ऑफ करने के बाद वह महेश्वरी के निकट 75 फुट रोड पर एक ढाबे पर खाना खाने आए थे। खाना खाने के बाद वह वापस गाड़ी से घर जा रहे थे। कुछ दूर जाने पर चार युवकों ने उनकी गाड़ी रुकवा ली और पीटना शुरू कर दिया।
यही नहीं बदमाशों ने उनको गाड़ी में बंधक बना अगवा करने की कोशिश भी की, लेकिन सफल न होने पर अरजीत को धक्का देकर गाड़ी लूटकर फरार हो गए। अरजीत दत्ता की सूचना पर धारूहेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं सूचना मिलते ही आगे के रूट पर नाकाबंदी भी की गई। लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच कर रहे एएसआई मदनलाल ने बताया कि बदमाशों की तलाश में टीमें छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही बदमाशों को दबोच लिया जाएगा।