रेवाड़ी। रेवाड़ी-रोहतक हाईवे पर गांव गुरावड़ा के समीप एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे चल रहा ट्राला उसमें जा घुसा। हादसे में ट्राला परिचालक की मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार राजस्थान के अजमेर जिले के गांव भवानीपुरा निवासी सायर सिंह रावत ने रोहड़ाई थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने साथी परिचालक अजमेर निवासी ज्ञान सिंह (22) के साथ वीरवार को चित्तौड़गढ़ से ट्राले में सीमेंट भरकर पानीपत के लिए चला था। वीरवार को जब वह रेवाड़ी-रोहतक हाईवे पर गांव गुरावड़ा के पास त्रिवेणी ढाबा के पास पहुंचे तो आगे चल रहे एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे उसका ट्राला ट्रक में टकरा गया। टक्कर लगते ही वह तो नीचे गिर गया, लेकिन उसका साथी परिचालक ज्ञान सिंह ट्राले के केबिन में बुरी तरह फंस गया। कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। उसके बाद अस्पताल लेकर पहुंचे तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। रोहड़ाई थाना पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।