संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में संचालित पांच बुनियाद केंद्रों में अध्ययनरत 105 छात्रों के लिए शिक्षा विभाग ने परिवहन भत्ते का बजट जारी किया है। इस मद में जिले को 3.78 लाख का बजट जारी किया गया है।
विद्यार्थियों को किराया भत्ता चार रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से मिलेगा। इन विद्यार्थियों को 9वीं व 10वीं की पढ़ाई के साथ जेईई व नीट की प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराई जाती है। कक्षा 11वीं में यह विद्यार्थी सुपर-100 परीक्षा देते हैं। इस परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थी जेईई और नीट की प्रवेश परीक्षा के लिए दो वर्ष तैयारी करते हैं। विकल्प फाउंडेशन के नेतृत्व में इन विद्यार्थियों को निशुल्क पढ़ाई करवाई जाती है। शिक्षा विभाग बुनियाद केंद्र पर पढ़ने के लिए आने वाले विद्यार्थी को परिवहन भत्ता देता है, जिससे विद्यार्थियों को बुनियादी केंद्रों तक आने-जाने में आसानी होगी।
विद्यार्थियों को विभाग देता है टैबलेट
शिक्षा विभाग मिशन बुनियाद में चयनित विद्यार्थियों को टैबलेट भी प्रदान करता है ताकि विद्यार्थी ऑनलाइन कोचिंग ले सकें। इसके अलावा ड्रेस और किताबें भी दी जाती हैं। चयनित विद्यार्थियों को केंद्र पर नेशनल टैलेंट सर्च एग्जामिनेशन, किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन के तहत प्रशिक्षण दी जाती है। बुनियाद कार्यक्रम में बच्चों को निशुल्क वर्दी, पाठ्यपुस्तकें, टैबलेट के साथ ही बुनियाद सेंटर तक आने जाने के लिए भत्ता दिया जाता है। जिले में पांच बुनियाद केंद्र हैं। इनमें राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी, राजकीय बॉयज वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मसानी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोसली, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बावल शामिल हैं।
वर्जन
बुनियाद केंद्रों में पढ़ने आने वाले विद्यार्थियों को परिवहन भत्ता दिया जाएगा। परिवहन भत्ता के रूप में रेवाड़ी को 3.78 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है।-रेणू, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, रेवाड़ी।