रेवाड़ी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल हुड्डा ने बताया कि लोकसभा चुनाव के बाद आगामी 4 जून को होने वाली मतगणना की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों 72-बावल, 73-कोसली व 74-रेवाड़ी की मतगणना के लिए मतगणना टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों को सोमवार 3 जून को द्वितीय मतगणना प्रशिक्षण दिया जाएगा। मतगणना टीम में मतगणना ऑब्जर्वर, माइक्रो आब्जर्वर व मतगणना सहायक शामिल होंगे। बताया कि मतगणना प्रक्रिया मंगलवार 4 जून को ठीक प्रात: 8 बजे से आरंभ होगी। पूरी मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी होगी। गुरुग्राम संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 72-बावल व 74-रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र की मतगणना रेवाड़ी के सेक्टर-18 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में तथा रोहतक संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 73-कोसली विधानसभा क्षेत्र की मतगणना सरकुलर रोड स्थित जैन पब्लिक स्कूल रेवाड़ी में होगी। गुरुग्राम संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 72-बावल व 74-रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए 14-14 टेबल तथा रोहतक संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 73-कोसली विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए 20 टेबल मतगणना स्थल पर लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक टेबल पर तीन सदस्यों का स्टाफ नियुक्त किया गया है, जिनमें काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग सहायक व काउंटिंग माइक्रो आब्जर्वर शामिल होंगे। मतगणना के लिए रिजर्व स्टाफ की भी व्यवस्था की गई है।