रेवाड़ी जंक्शन से करीब साढ़े पांच किलोमीटर की दूरी पर करनावास के पास किसी ने स्लीपर (पटरियों को कनेक्ट करने के लिए सीमेंट के बने पार्ट) को रेलवे की पटरी पर रख दिया। देर रात इसी रेलवे ट्रैक से अजमेर-हरिद्वार एक्सप्रेस गुजरी। हालांकि गनीमत रही कि स्लीपर की वजह से ट्रेन पटरी से नहीं उतरी और सफर कर रहे सैकड़ों लोगों की जान बच गई। मामले में पुलिस ने रेलवे ट्रैकमैन की शिकयत पर अज्ञात के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्लीपर तोड़कर साइड करते हुए निकली ट्रेन
जानकारी के अनुसार अजमेर-हरिद्वार एक्सप्रेस(19609) रोजाना रात करीब आठ बजे अजमेर से रवाना हुई। यह ट्रेन पौने दो बजे रेवाड़ी जंक्शन होते हुए सुबह करीब साढ़े 10 बजे हरिद्वार पहुंचती है। शनिवार रात ट्रेन जंक्शन से करीब साढ़े पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित करनावास गांव के पास पहुंची थी। पटरी पर किसी ने स्लीपर डाल रखा था, हालांकि ट्रेन स्लीपर को तोड़कर साइड में करते हुए निकल गई।
पहले भी दो बार रेलवे ट्रैक पर बचे हैं हादसे
रेवाड़ी जंक्शन के आसपास रेलवे ट्रैक पर अवरोध होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले जनवरी में जहां एक ट्रक ड्राइवर ने नशे की हालत में ट्रक को रेलवे ट्रैक पर पहुंचा दिया था। हालांकि तब भी भाग्य ने साथ दिया था और यह लाइन सेफ लाइन में थी। वहीं एक अन्य बार रेलवे ट्रैक के किनारे बल्क में रखे स्लीपर भी गिर गए थे। जिससे रेलवे लाइन पूरी तरह ब्लॉक हो गई थी।
---------
ट्रैकमैन विजय की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 150 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की शिनाख्त के साथ ही गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
-करमजीत सिंह, एसएचओ, जीआरपी थाना