13 मार्च से पेयजल किल्लत झेल रहे शहरवासियों को बुधवार से राहत मिलने की उम्मीद की जा सकती है। सिंचाई विभाग की माने तो मंगलवार सुबह से पहले नहरी पानी शहर तक पहुंच जाएगा, ऐसे में पूरा दिन पानी भंडारण व शोधन के बाद जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार सुबह के समय ही जल आपूर्ति सुचारु की जा सकती है। बता दें कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के दो व जन स्वास्थ्य विभाग के सात वाटर टैंक पूरी तरह से सूख चुके हैं।
जानकारी के अनुसार शहर की दो लाख आबादी को कालाका व लिसाना स्थित वाटर टैंक से पेयजल सप्लाई किया जाता है। जवाहर लाल नेहरू कैनाल के पानी का भंडारण कर शोधन के बाद सप्लाई दी जाती है। लेकिन जन स्वास्थ्य विभाग के पास बीते पांच साल से भंडारण की समस्या बनी हुई है, वहीं नहरी पानी कम दिन आता है। ऐसे में लोगों को प्रत्येक माह पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है। गर्मी के दिनों में यह समस्या और ज्यादा बढ़ जाती है। जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांच साल से वाटर टैंक निर्माण की बात कही जा रही है, लेकिन काम आज तक शुरू नहीं हो सका है।
सिंचाई विभाग की ओर से मंगलवार सुबह तक नहरी पानी आने की बात कही गई है, यदि बताए समय पर पानी आता है तो बुधवार से पूरे शहर में सप्लाई सुचारु कर दी जाएगी।
अजय कुमार, जेई जन स्वास्थ्य विभाग
खुबडू हैड से पानी छोड़ा जा चुका है, सोमवार की रात को ही पानी जलघरों तक पहुंच जाएगा। निर्धारित समय पर ही नहरी पानी मिल जाएगा।
वीके बागोतिया, एक्सईएन, सिंचाई विभाग