कोसली में मार्ग की खराब दशा। संवाद
- फोटो : मृतक दिनेश गोस्वामी का फाइल फोटो
कोसली। रेवाड़ी-कोसली-दादरी रोड वाया बेरली कलां करीब 33.75 किलोमीटर के इस मार्ग की दशा सुधारने के लिए 32.84 करोड रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसके लिए विभाग ने टेंडर जारी कर दिया है। कार्य भी जल्द ही अब शुरू होने वाला है। रेवाड़ी से कोसली होकर चरखी दादरी को जाने वाला यह सड़क मार्ग तीन जिलों झज्जर, चरखी दादरी, रेवाड़ी को जोड़ता है। यह सड़क मार्ग करीब 50 गांवों से होकर गुजरता है। सड़क बनने से झज्जर के झाड़ली पावर प्लांट, कोसली शहर ओर चरखी दादरी शहर के बीच व्यापारिक कारोबार में तेजी आएगी।
इस सड़क मार्ग के सुधारीकरण से जहां आम लोगों को सुविधा मिलेगी वहीं, सुधारीकरण हो जाने से वाहन चालकों को भी राहत लेगी। इस सड़क मार्ग की हालत मौजूदा समय में काफी खराब है। इस पर बार-बार पैचवर्क करके काम चलाया जा रहा था। साथ ही जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से रात में चलने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी होती है। राज्य सड़क मार्ग होने के कारण यातायात का दवाब काफी अधिक है। खासकर दोपहिया वाहन चालक इन गड्ढों में आए दिन दुर्घटना का शिकार होते हैं। इस सड़क मार्ग के सुधारीकरण के कार्य की उम्मीद से वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है।
10 साल पहले बना था यह मार्ग
बता दें कि रेवाड़ी-दादरी रोड वाया बेरली कलां राज्य सड़क मार्ग वर्ष 2015 में बनकर तैयार हुआ था। इस सड़क मार्ग पर दिन भर छोटे बड़े वाहनों का तांता लगा रहता है। यह सड़क मार्ग बेरली से डहीना के पास महेंद्रगढ़ मार्ग को भी जोड़ता है। इसके साथ-साथ झाड़ली पावर प्लांट व आस पास लगे सीमेंट के उद्योगों में भारी वाहनों का आना जाना लगा रहता है। इस सड़क मार्ग के सुधारीकरण को लेकर लम्बे समय से लोग मांग करते आ रहे हैं।
सड़क के दोनों और बढ़ी हुई झाड़ियां, हादसों का बन सकती है कारण
इस राज्य सड़क मार्ग के दोनों ओर उगी झाड़ियां परेशानी का सबब बनी हुई हैं। रात में चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों को आगे से आने वाले वाहनों की लाइट व सड़क तक फैली झाड़ियों के कारण सड़क का किनारा दिखाई नहीं देता। ऐसे में चालक झाड़ियों में उलझकर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। बार-बार प्रशासन को अवगत करवाने के बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अब इस सड़क मार्ग के सुधारीकरण के समय इन झाड़ियों को हटाने की आशा जगी है। यह झाड़ियां वाहन चालकों के लिए खतरे से खाली नहीं है। खासकर अब सर्दी में कोहरा पड़ रहा है।
वर्जन:
रेवाड़ी-कोसली-दादरी रोड वाया बेरली कलां मार्ग की दशा सुधारी जाएगी। बजट जारी हो चुका है। सरकार से अनुमति मिल चुकी है। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
विरेन्द्र सिंह, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग