फोटो: 18रेवाड़ी। लार्वा की जांच करते हुए स्वास्थ्यकर्मी। स्रोत: विभाग
रेवाड़ी। अक्तूबर के अंतिम चरण में भी सर्दी का असर कम रहने की वजह से मच्छरों का प्रकोप चल रहा है। मंगलवार को जारी हुए बुलेटिन में डेंगू के 3 नए मरीज और मिलने से सीजन में पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 269 पर पहुंच गया है।
अक्तूबर में अब तक में 53 डेंगू पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। अभी तक मिले डेंगू के कुल मरीजों में 118 मरीज शहर से मिले हैं। अब तक मिले डेंगू मरीजों में 207 की पुष्टि प्राइवेट लैबों व 62 मरीजों की पुष्टि सरकारी लैब से की गई है।
डिप्टी सीएमओ डाॅ. अमित यादव ने कहा कि हेल्थ इंस्पेक्टर व ब्रीडिंग चेकरों की टीम शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ लगातर प्रयास कर रही है।
घरों में लार्वा मिलने पर अब तक 3631 लोगों को नोटिस दिए जा चुके है। स्वास्थ्य विभाग की एमपीएचडब्ल्यू व ब्रीडिंग चेकर टीम अब तक सोर्स रिडेक्शन एक्टिविटी के तहत 2012535 घरों में लार्वा की जांच कर चुकी है।
जिले में मलेरिया के 14 केस आ चुके
मलेरिया हेल्थ इंस्पेक्टर हरिप्रकाश ने बताया कि इस सीजन में अभी तक डेंगू के 269 केस व मलेरिया के 14 केस आ चुके हैं। जिले में अभी तक शहर में 118, बावल सीएचसी में 51, मीरपुर सीएचसी में 29, खोल सीएचसी में 45, गुरावड़ा सीएचसी में 13 व नाहड़ सीएचसी में 13 डेंगू के केस मिल चुके हैं। अब तक 3919 लोगों के ब्लड सैंपल लिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों में पानी की टंकी, फ्रिज ट्रे, गमले, पशु खेल व कूलर की साफ-सफाई रखें। आसपास जमा पानी में काला तेल डालते रहें जिससे मच्छर का लार्वा पनप न सकें।