रेवाड़ी। गांव सुंदरोज में हुए केशव शर्मा हत्याकांड में संलिप्त एक नाबालिग सहित तीन और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गांव भोहतवास अहीर धीरज उर्फ नाईका और सुंदरोज निवासी संजय उर्फ टोनी है। इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही की जा चुकी है।
सीआईए इंचार्ज संजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार नाबालिग आरोपी को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह फरीदाबाद भेज दिया है। वहीं, आरोपी धीरज उर्फ नाईका और संजय उर्फ टोनी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त हथियार, वाहन, छीना गया सामान बरामद करने तथा अन्य सह-आरोपियों के ठिकानों का पता लगाने के लिए गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं, दो मुख्य आरोपियों दीपांशु उर्फ गोलू और नितिन उर्फ नेता को पहले ही गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो डंडे बरामद किए थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी आदतन अपराधी हैं।
धीरज उर्फ नाईका के खिलाफ थाना रामपुरा, शहर रेवाड़ी और जिला गुरुग्राम के थाना बजघेड़ा में लूट, मारपीट, एक्साइज एक्ट, तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। संजय उर्फ टोनी के खिलाफ थाना रामपुरा में मारपीट का एक मामला दर्ज है।
दीपांशु उर्फ गोलू के खिलाफ पहले भी थाना जाटूसाना व थाना मॉडल टाउन में मारपीट के 2 आपराधिक मामले दर्ज हैं। नितिन उर्फ नेता के खिलाफ भी पहले जिला भिवानी जीआरपी थाना, थाना मॉडल टाउन रेवाड़ी तथा थाना खोल में चोरी व मारपीट के 3 मामले दर्ज हैं।
सीआईए इंचार्ज संजय कुमार ने बताया कि 30 सितंबर को गांव सुंदरोज निवासी राम शर्मा ने थाना रामपुरा पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि वह और उनका भाई केशव शर्मा अपनी पिकअप गाड़ी से घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइकों पर सवार आरोपियों नितिन उर्फ नेता, आकाश, दीपांशु तथा संजय उर्फ टोनी ने पिस्तौल व तलवारों से लैस होकर उनकी गाड़ी का पीछा किया और उन पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने केशव शर्मा से सोने की चेन, अंगूठी तथा 50 हजार रुपये नकद छीन लिए। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के घर में घुसकर अंधाधुंध पथराव किया, जिससे उसे तथा केशव शर्मा को गंभीर चोटें आईं। केशव शर्मा की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान 5 सितंबर को उसकी मृत्यु हो गई। मृत्यु के पश्चात पुलिस ने इस मामले में हत्या की धाराएं ईजाद की थी।