संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने कार चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गुरुग्राम के गांव बहरमपुर हाल मुकाम भाटी कॉलोनी भिवाड़ी निवासी लव भाटी, राजस्थान के जिला डिंग के गांव हरिदास हाल मुकाम महेंद्र कॉलोनी भिवाड़ी निवासी निखिल और बिहार के जिला सिवान के गांव खैराटी हाल मुकाम कर्ण कुंज गुर्जर घटाल धारूहेड़ा निवासी सोनू अंसारी शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश के फरुखाबाद के गांव सिकंदरपुर हाल किरायेदार आरएचबी कॉलोनी भिवाड़ी निवासी शैलेंद्र ने एफआईआर में कहा था कि वह 28 मई को दोस्त को कापड़ीवास छोड़कर अपनी कार से घर लौट रहे थे। गांव महेश्वरी के पास शौच महसूस होने पर कार साइड में खड़ी कर दी।
इसके बाद खेत में चला गया। गलती से चाबी गाड़ी में ही छोड़ दी थी। लौटने पर देखा कि कार नहीं है। थाना सेक्टर-6 धारूहेड़ा पुलिस ने केस दर्ज किया था। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों लव भाटी, निखिल व सोनू अंसारी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है।
महज 80 हजार में बेची थी कार
आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी लव भाटी और निखिल ने कार चोरी करने के बाद उसे सोनू अंसारी को महज 80 हजार रुपये में बेच दिया था। सोनू ने दोनों को बताया था कि चोरी का मामला दब जाने के बाद वह 80 हजार रुपये का भुगतान करेगा। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर आरोपी लव भाटी व निखिल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया जबकि आरोपी सोनू को पूछताछ के लिए पांच दिन के रिमांड पर लिया है।