फोटो : 19पकड़े गए तीनों आरोपी। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने गत वर्ष टास्क के नाम पर ठगी करने के मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी यूपी के जिला उन्न्नाव के मोहल्ला गगनखेड़ा निवासी आयुष मिश्रा, यूपी के उन्न्नाव के मोहल्ला आवास विकास कालोनी निवासी आर्यन वर्मा और प्रतीक वाजपेयी हैं।
घटना में आरोपी आयुष मिश्रा के खाते में 30 हजार रुपये गए थे। आरोपी आर्यन वर्मा व प्रतीक ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।पुलिस इस मामले में 6 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
एसपी कार्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार 7 जून को गांव महेश्वरी निवासी एक महिला ने अपनी शिकायत में बताया था कि 2 जून 2024 को उसके पास वर्क फ्रॉम होम के नाम पर एक मैसेज आया था। मैसेज में ऑनलाइन टास्क से पैसा कमाने का ऑफर दिया गया था।
आरोपियों ने टास्क के नाम पर उससे 100 रुपये डलवाने के बाद 300 रुपये वापस कर दिए। बाद में आरोपियों ने इसी प्रकार टॉस्क के नाम पर उससे पैसे डलवाना शुरू कर दिया और उससे कुल 4 लाख 94 हजार 880 रुपये अलग-अलग खातों में डलवा लिए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना में ठगी का मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त 6 आरोपी मध्यप्रदेश के जिला ग्वालियर के रानीपुरा निवासी विशाल, यूपी के जिला झांसी के मोहल्ला शास्त्री नगर इसाई टोला निवासी अजय शाक्या, यूपी के जिला झांसी के गांव तलईया निवासी राहुल, निहाल सिंह, हर्ष व यूपी के जिला झांसी के मोहल्ला शास्त्री नगर इसाई टोला निवासी नरेंद्र यादव को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।