फोटो: 12रेवाड़ी। माॅडल टाउन स्थित अपने निवास स्थान पर प्रैसवार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व
रेवाड़ी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने बुधवार को माॅडल टाउन स्थित अपने निवास स्थान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक ली जिसमें 14 दिसंबर को वोट चोरी के खिलाफ दिल्ली में आयोजित होने वाली कांग्रेस की रैली को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि दक्षिण हरियाणा सहित रेवाड़ी से हजारों की तादाद में कार्यकर्ता और समर्थक दिल्ली रैली में पहुंचेंगे ताकि भाजपा सरकार को स्पष्ट संदेश दिया जा सके कि देश की जनता अपने मताधिकार पर किसी भी प्रकार का आघात सहन नहीं करेगी।
बैठक के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह भी कैप्टन अजय सिंह यादव के निवास पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा 18 से 21 दिसंबर तक बावल और रेवाड़ी क्षेत्र के विभिन्न गांवों में निकलेंगे।
उन्होंने जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस यात्रा को सफल बनाएं और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करें। यह यात्रा 36 बिरादरी को एक करने के लिए है।
कैप्टन अजय सिंह यादव ने आगे बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 16 दिसंबर को रेवाड़ी के रेजांगला पार्क में शहीदों को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 1962 के रेजांगला युद्ध में देश के वीर जवानों ने जो बलिदान दिया, वह देश के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है।
साथ ही 16 दिसंबर 1971 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान पर ऐतिहासिक विजय प्राप्त की थी और लगभग एक लाख पाकिस्तानी सैनिकों को बंदी बनाया था, जो विश्व की सबसे बड़ी सैन्य उपलब्धियों में से एक है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे दिल्ली रैली, सद्भाव यात्रा और 16 दिसंबर के रेजांगला दिवस तीनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और शहीदों के सम्मान को मजबूती प्रदान करें।