कुंड। पुलिस ने गांव पाली से 8 अप्रैल की रात बकरियां चोरी होने के मामले में तीसरे आरोपी भिवानी के गांव पुर निवासी कुनाल उर्फ चीकू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की राशि में से 2100 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गांव पाली निवासी अनिल ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि 8 अप्रैल की रात 2 बजे चोरों ने उनके बाड़े में 14 बकरियां और 6 मेमने चोरी कर लिए। जब वह गाड़ी की आवाज सुनकर बाहर निकले तो आरोपी आई-20 कार में सवार होकर मौके से भाग गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुंड चौकी पुलिस ने दो आरोपियों कर्ण और विशाल को गिरफ्तार किया था। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया था कि कर्ण और कुनाल उर्फ चीकू ने मिलकर चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया था और सभी बकरियां विशाल को बेच दी थीं। पुलिस ने आरोपी कर्ण व विशाल के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई आई-20 कार तथा चोरी की बकरियां बेचने से प्राप्त रकम में से 45 हजार की नकदी पहले ही बरामद कर ली थी।