निरंजन कॉलोनी में चोरी के बाद कमरे में बिखरा पड़ा सामान। स्रोत : पीड़ित
धारूहेड़ा। गांव महेश्वरी की निरंजन कॉलोनी में शिक्षिका के आवास का दिनदहाड़े ताला तोड़कर चोर आभूषण और नकदी समेट ले गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
निरंजन कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाले संजीव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से पलवल जिले के गांव खेड़ी के निवासी हैं। वह यहां परिवार के साथ किराये के मकान में रहते हैं। उसकी पत्नी भिवाड़ी स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। बच्चे भी उसी स्कूल में पढ़ते हैं।
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई को रोजाना की तरह उनकी पत्नी और बच्चे स्कूल चले गए थे। दोपहर सवा 1 बजे वह भी किसी काम से घर से बाहर चले गए। इसी दौरान चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए और जेवर व नकदी चोरी कर ले गए।
बताया कि दोपहर बाद जब पत्नी बच्चों के साथ घर पहुंचीं तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। उन्होंने इसकी जानकारी दी। जब वह घर पहुंचे तो देखा कि कमरों में सामान बिखरा है। आलमारी और अन्य स्थानों की जांच करने पर चोरी का पता चला।
दो तोले की सोने की चेन, चांदी की पायल और 13 हजार रुपये से अधिक की नकदी गायब मिली। चोरी की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा आरोपी
घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में चोरी की घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में एक युवक पहले गली में घूमकर आसपास की स्थिति का जायजा लेता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह दोपहर करीब 1 बजकर 19 मिनट पर मकान में प्रवेश करता है और लगभग नौ मिनट बाद बाहर निकल जाता है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी वारदात से पहले सड़क पर खड़े होकर आसपास नजर दौड़ाता हुआ भी दिखाई दे रहा है। इससे पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने पहले घर की गतिविधियों की जानकारी जुटाई होगी। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।