रेवाड़ी। जैन पब्लिक स्कूल में वीरवार को आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में मतगणना कर्मियों को त्रुटि रहित मतगणना के बारे में जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यशाला में जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल हुड्डा ने कहा कि मतगणना सीसीटीवी की निगरानी में होगी और इसकी वीडियोग्राफी भी होगी। उन्होंने इस कार्य को सही एवं त्रुटि रहित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सबसे पहले डाक मतपत्र एवं ईटीपीबीएस की गणना शुरू की जाएगी। ईवीएम से मतों की गणना की जाएगी। ईवीएम से मतों की गणना के समय मशीन को सही तरीके से प्रदर्शित करना है। उसकी जानकारी जाली के बाहर बैठे अभिकर्ता एवं एजेंट को देनी है। कहा कि अभिकर्ता एवं एजेंट को संतुष्ट करना है इसमें किसी प्रकार की विवाद की स्थिति नहीं होनी चाहिए।
मतगणना स्थल पर मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक गैजेट का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। मतगणना की गोपनीयता को बनाए रखने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए है। डाक मतपत्रों की गणना, ईवीएम में दर्ज मतों की गणना पूर्ण होने के बाद ईवीएम और निर्वाचन सामग्री को सील करना, परिणामों की घोषणा और अन्य महत्वपूर्ण विषयों के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान यह बताया गया कि सिलिंग कार्य महत्वपूर्ण है तथा रिटर्निंग ऑफिसर इस पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य करेंगे।