रेवाड़ी। नई अनाज मंडी रेवाड़ी में गोवर्धन पूजा के अवसर पर 10 नवंबर को अवकाश रहेगा। इस दिन मंडी के शिव मंदिर में सभी व्यापारियों के सहयोग से अन्नकूट प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दोपहर 12 बजे आरती और पूजन के बाद भगवान को भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया जाएगा।
विज्ञापन
मंडी के व्यापारियों ने सभी धर्मप्रेमियों से अन्नकूट प्रसाद ग्रहण करने के लिए बर्तन लेकर पहुंचने की अपील की है। प्रसाद का वितरण केवल बर्तनों में किया जाएगा। इसके लिए प्लास्टिक की थैलियों का इस्तेमाल नहीं होगा। नई अनाज मंडी मार्केट कमेटी के अध्यक्ष, डीएमईओ एवं सचिव के आदेशानुसार 10 नवंबर को मंडी में सभी प्रकार का खरीद-फरोख्त कारोबार बंद रहेगा।
अवकाश के दौरान अनाज की खरीद-बिक्री नहीं होगी। व्यापारियों ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है, ताकि किसान और व्यापारी गोवर्धन पूजा का पर्व शांतिपूर्वक मना सकें। उन्होंने सभी व्यापारियों और किसानों से अपील की है कि वे अवकाश को ध्यान में रखते हुए अपनी व्यवस्था पहले ही कर लें।