संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। मरम्मत कार्य के चलते हाईवे पर जाम लगने पर धारूहेड़ा पुलिस ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शिकायतकर्ता एएसआई ने तहरीर में कहा है कि सड़क की मरम्मत बिना अनुमति के कराई जा रही थी और मरम्मत कार्य का कोई साइन बोर्ड भी नहीं लगाया गया था।
धारूहेड़ा थाने में तैनात एएसआई दलीप कुमार ने शिकायत में कहा है कि वह पुलिसकर्मियों के साथ सरकारी गाड़ी से गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एनएच 48 (दिल्ली-जयपुर हाईवे) पर जाम लगा मिला जोकि खरखड़ा कट तक पहुंच चुका था। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लगी थी। आगे जाकर देखा तो कुछ मजदूर रोड की मरम्मत करने में लगे थे। रोड को बनाते समय किसी प्रकार का साइन बोर्ड नहीं लगाया गया था। न ही मजदूरों के पास उनके उच्च अधिकारी मौजूद थे। जब मजदूरों से रोड बनाने की अनुमति के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उनके पास किसी प्रकार की कोई अनुमति नहीं है, लेकिन हम उच्च अधिकारियों के आदेश से ही बना रहे हैं। एनएच-48 दिल्ली से जयपुर को अवरुद्ध करके और बिना अनुमति और बिना रोड साइन के रोड बनाकर व आमजन के आवागमन में बाधा पहुंचाकर घोर लापरवाही की है। इसलिए संबंधित एनएचएआई के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
वर्जन
अगर कार्य होगा तो समस्या तो आएगी ही। पुलिस को तालमेल बनाकर कार्य करना चाहिए ताकि मिलकर व्यवस्था बनाई जा सके और जाम की स्थिति ना उत्पन्न हो। इस मामले में फिलहाल संबंधित एजेंसी से जवाब मांगा गया है। केस दर्ज होने को लेकर हैरान हूं, क्योंकि इस मार्ग पर वैसे ही ट्रैफिक काफी अधिक रहता है।-योगेश पाठक, एनएचएआई मैनेजर।