धारूहेड़ा। गांव गुर्जर घटाल में हुए मर्डर को लेकर पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस इस मामले में एक युवक से पूछताछ कर रही है। पुलिस जिस युवक से पूछताछ कर रही है वह मृतक अमित कुमार का साथी बताया जा रहा है। हालांकि, यह केवल अभी पूछताछ है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस अमित के हत्यारे से ज्यादा दूर नहीं है। जानकारी के मुताबिक अमित अपने एक साथी के साथ शुक्रवार को शराब पी रहा था। आशंका जताई गई है कि शराब पीने के दौरान आपस में अनबन हुई थी। उसके बाद अमित पर पत्थर से वार किया गया। शनिवार को जब पुलिस ने जांच की थी तो अमित के शव के पास खून से सना हुआ पत्थर भी मिला था। पुलिस का कहना है कि अमित की हत्या के कारणों का पता अभी लगाया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। अभी कार्रवाई चल रही है, जरूरी पूछताछ जारी है।
शनिवार को मिला था शव
शनिवार को गांव गुर्जर घटाल में यूपी के आजमगढ़ के गांव मेहमानी निवासी अमित कुमार (29) का शव मिला था। अमित काफी समय से गांव गुर्जर घटाल की कर्ण कुंज कॉलोनी में किराये पर रहता था। साथ ही वह भिवाड़ी की उत्तम स्टील कंपनी में कार्यरत था। शुक्रवार की शाम वह अचानक लापता हो गया था। शनिवार को अमित की लाश गुर्जर घटाल के खेतों के पास खून से लथपथ मिली थी। उसके सिर को पत्थरों से बुरी तरह कुचला हुआ था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत सेक्टर-6 थाना पुलिस को दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव के पास ही खून से सना हुआ पत्थर पड़ा हुआ था। बाद में डीएसपी सिटी पवन कुमार और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची थी। हत्या की सूचना अमित के के परिजनों को भी दी गई थी।