रेवाड़ी। रोहतक-जयपुर हाईवे के पास टहना दीपालपुर गांव के नजदीक चोरों ने एक ही रात में दो पेट्रोल पंपों को निशाना बना लिया। दोनों पंपों के कार्यालय के दरवाजे तोड़कर 42 हजार रुपये चोरी कर लिए। घटना के समय सेल्समैन मशीनों के पास बाहर सो रहे थे। सुबह घटना का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद रोहड़ाई थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी की पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव घासेड़ा निवासी हरीश ने बताया कि वह रोहतक-जयपुर हाईवे पर टहना दीपालपुर गांव के पास स्थित कोमल पेट्रोल पंप पर मैनेजर हैं। 11 मार्च की रात सेल्समैन पंप के बाहर मशीनों के पास सोए हुए थे। अलसुबह 4:20 बजे चोर पीछे की तरफ से आए और कार्यालय के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुस गए।
चोर टेबल के दराज से 28 हजार 900 रुपये चुराकर ले गए। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार एक युवक सुबह 4 बजकर 24 बजे कार्यालय में घुसता दिखाई दे रहा है और करीब 4 बजकर 37 बजे बाहर निकलता है। चेहरा लाल कपड़े से ढक रखा था। हाथ में कपड़ा और रॉडनुमा हथियार था। कुछ देर तक अलमारी का लॉकर तोड़ने का प्रयास करने के बाद वह दराज से नकदी लेकर चला गया।
-
500 मीटर दूर दूसरे पेट्रोल पंप से 14 हजार रुपये चोरी
हरीश ने बताया कि पास में स्थित पेट्रोल पंप पर भी इसी तरह चोरी की वारदात हुई है। वहां के मैनेजर भूपेंद्र कुमार से जानकारी मिली कि कार्यालय में घुसकर चोर 13 हजार 950 रुपये ले गए। दोनों पेट्रोल पंपों के बीच करीब 500 मीटर की दूरी है। फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान के लिए पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।