रेवाड़ी। चौकी गढ़ी बोलनी पुलिस ने कंपनी से सामान चोरी करने के मामले में एक और आरोपी को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी हिसार के गांव कल्लर भैणी निवासी राजू उर्फ भजनलाल है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसपी कार्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार मूलरूप से यूपी के मथुरा के मोती कुंज हाल आबाद अंतरिक्ष टावर बीएमजी सिटी निवासी अर्पित सेठ ने शिकायत में बताया था कि वह पोली कैब इंडिया लिमिटेड कंपनी में क्वालिटी मैनेजर है। 9 मार्च 2025 को सुबह के समय कंपनी के सिक्योरिटी हेड पवन कुमार ने उनको सूचना दी कि कंपनी में चोरी हो गई है।
जब कंपनी में आकर देखा तो कंपनी की पिछली दीवार का कुछ हिस्सा टूटा हुआ था। चोर दीवार तोड़कर कंपनी में घुसकर सामान चोरी करके ले गए। कंपनी से 38 पंच, इंक जैट प्रिंटर पार्ट, ग्रैंडर ब्लेड व केबल बंडल सहित काफी सामान चोरी हो गया। पुलिस ने थाना कसौला में चोरी का मामला दर्ज करके चार आरोपी पवन कुमार, मंजीत उर्फ पटवारी, सुरेश उर्फ आडू व इंद्रपाल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।