रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित असाही फ्लाईओवर के पास ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे उसके पीछे चल रहा ट्राला ट्रक से टकरा गया। हादसे में ट्राला चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात को चालक ट्रक लेकर जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहा था। इस दौरान उसके पीछे एक ट्राला भी चल रहा था। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर असाही फ्लाइओवर समीप आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे चल रहे ट्राला के चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्राला ट्रक से टकरा गया। इस दौरान ट्राला का चालक उछलकर सड़क पर गिर गया और ट्राला के टायर के नीचे आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक ट्राला चालक की पहचान पंजाब के गुरदासपुर निवासी हरपाल सिंह (36) के रूप में हुई है। कसौला थाना पुलिस ने चश्मदीद पलवल निवासी जग्गी की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।