रेवाड़ी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को केंद्र में रखकर जिले के स्कूल मुखियाओं का तीन दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार से डायट हुसैनपुर में प्रारंभ किया जाएगा।
डायट के वरिष्ठ प्राध्यापक और इस प्रशिक्षण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. बीर सिंह ने इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि डायट में प्राचार्य का पद रिक्त होने के कारण इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की अनुमति निदेशालय स्तर से ली गई है।
सभी मुखिया इसका फायदा उठाएं। इस प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षक पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन, प्री टेस्ट, एक्टिविटी, पोस्ट टेस्ट, फीडबैक, उपस्थिति आदि प्रक्रियाओं से गुजरना होगा। इस टेक्निकल कार्य के लिए प्राध्यापक अशोक यादव व सत्यपाल सहयोग करेंगे। सभी प्रक्रियाओं से गुजरने उपरांत प्रशिक्षुओं को ऑनलाइन सर्टिफिकेट प्राप्त होगा।
इन विषयों पर रहेगा प्रशिक्षण कार्यक्रम
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की जानकारी, राष्ट्रीय पाठ्यचर्या फ्रेमवर्क (एनसीएफ) 2023, एनईपी- 2020 के कार्यान्वयन में शिक्षकों और विद्यालय मुखियाओं की भूमिका, योग्यता आधारित शिक्षा, स्कूल मुखियाओं को सशक्त बनाना, कौशल, नवाचार और उद्यमिता, समावेशी शिक्षा और लिंग संवेदनशीलता, पुस्तकों से परे सीखना, सॉफ्ट स्किल, विद्यालय आधारित मूल्यांकन और माई कॅरिअर एडवाइजर एप भी शामिल है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एससीईआरटी हरियाणा, गुरुग्राम व अन्य राष्ट्रीय स्तर से प्रशिक्षित ज्योत्सना प्राध्यापिका अंग्रेजी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संगवाड़ी से, दीपक कुमार प्राध्यापक मनोविज्ञान, सुदेश शर्मा प्राध्यापक इतिहास, सत्यपाल अंग्रेजी और अशोक यादव गणित डायट हुसैनपुर से मास्टर ट्रेनर्स की भूमिका में रहेंगे।