पकड़ा गया पेट्रोल से भरा टैंकर व मौजूद मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के सदस्य।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। मुख्यमंत्री उड़दस्ते ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम के साथ मिलकर धारूहेड़ा में अवैध रूप से आपूर्ति करने जा रहे एक पेट्रोल का टैंकर पकड़ा है। टीम ने तेल के तीन अलग-अलग सैंपल भी लिए हैं। साथ ही आरटीए की टीम को मौके पर बुलाकर उसके ऊपर 1 लाख 1 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को सूचना मिली थी कि औद्योगिक कस्बा धारूहेड़ा में कुछ बड़ी ट्रांसपोर्ट कंपनियां अवैध रूप से पेट्रोल और डीजल मंगवाती हैं। डीजीएफनाम की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में खुद का पेट्रोल पंप होने के बावजूद हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप से शनिवार को 16 हजार लीटर पेट्रोल से भरा तेल टैंकर मंगवाया है। खुद के पंप की बजाए बाहर से उन्हें तेल सस्ता मिलता है। इसलिए यह टैंकर मंगवाया गया, जिसे मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम के साथ मिलकर पकड़ लिया। टैंकर पर अवैध रूप से डिस्पेंसर लगा हुआ था। टैंकर पर डिस्पेंसर की कोई पासिंग नहीं हुई थी। इसके चलते आरटीए टीम ने उस पर 1 लाख 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने तेल के तीन सैंपल लेने के साथ ही थाना में शिकायत भी दर्ज कराई है।
-----------
वर्जन:
धारूहेड़ा में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में एक टैंकर अवैध रूप से पेट्रोल सप्लाई करने की सूचना मिली थी। पेट्रोल से भरा टैंकर दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित निखरी के पास एक पंप से मंगवाया गया था। मौके पर पहुंचकर उसको पकड़ लिया गया। साथ ही उसको सील कर दिया है।
- सतेंद्र सिंह, सब इंस्पेक्टर, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता