फोटो : 17रेवाड़ी। शहर में क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आमजन में विश्वास
रेवाड़ी। जिला पुलिस की ओर से शुक्रवार को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और आमजन में विश्वास बनाए रखने के लिए पैदल गश्त की गई। गश्त का नेतृत्व थाना शहर के प्रभारी इंस्पेक्टर गजराज सिंह, थाना खोल के प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश कुमार और थाना सेक्टर-6 धारूहेड़ा से पीएसआई अनीश ने अपनी-अपनी टीमों के साथ किया।
गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मुख्य बाजार, बस स्टैंड, धार्मिक स्थल और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों, युवाओं व आम नागरिकों से संवाद कर न केवल उनकी समस्याएं सुनीं बल्कि उनके सुझाव भी आमंत्रित किए।
थाना प्रभारियों ने नागरिकों से बात करते हुए स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं बल्कि जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि पुलिस जन मित्र है और समाज के हर वर्ग की सुरक्षा के लिए कटिबद्ध है।
इस मौके पर पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को नशे से दूर रहने, शिक्षा एवं खेलों में भागीदारी बढ़ाने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें जागरूक रहने व किसी भी समस्या पर पुलिस से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी गई।