नारनौल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्चुअल माध्यम से पेपरलेस संपत्ति पंजीकरण, निशानदेही, वाट्सएप चैटबोट व राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली की सुविधा शुरू की।
प्रदेश में अभी केवल 2 जिलो कुरुक्षेत्र व अंबाला में ही ऑनलाइन रजिस्ट्री प्रक्रिया शुरू की गई है। महेंद्रगढ़ में सप्ताह के अंत तक ऑनलाइन रजिस्ट्री शुरू होने की उम्मीद है। इसको लेकर लघु सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक ओम प्रकाश यादव, विधायक कंवर सिंह यादव और उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार उपस्थित रहे।
विधायक ओम प्रकाश यादव ने कहा कि हरियाणा सरकार लगातार डिजिटल हरियाणा के तहत सेवाओं को ऑनलाइन करने का कार्य कर रही है। अब नागरिकों को जमीन की रजिस्ट्री के लिए सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने बताया कि यह सिर्फ एक नई सुविधा नहीं है, बल्कि सरकार की कोशिश है कि लोगों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं मिले।
विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि शासन का वास्तविक अर्थ जनता की सेवा करना है। सीएम नायब सिंह सैनी इसी सेवा भाव से प्रदेश के लोगों की सेवा में लगे हुए हैं। इस अवसर पर एसडीएम अनिरुद्ध यादव, सीटीएम डॉ. मंगलसेन, चेयरपर्सन कमलेश सैनी, जिला राजस्व अधिकारी राकेश कुमार, बीजेपी के पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, जेपी सैनी और सुरेश चौधरी सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
आमजन को होगी यह सुविधा
•. ऑनलाइन रजिस्ट्री शुरू होने के बाद अब सब कुछ ऑनलाइन होगा। आमजन को कागजत लेकर घूमने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
• घर बैठे ही ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। इससे लाइनों में लगने का झंझट खत्म हो जाएगा।
• रजिस्ट्री के लिए सिर्फ एक बार ही दफ्तर जाना होगा, काम ऑनलाइन हो जाएंगे। इससे समय बचेगा।