गांव कोसली में केंद्र पर ग्रामीण को राष्ट्रध्वज वितरित करते एसडीएम होशियार सिंह।
- फोटो : Rewari
कोसली। आजादी अमृत महोत्सव की शृंखला में 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के लिए गांव कोसली में झंडा वितरण केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को झंडा वितरित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत भी की। उक्त जानकारी एसडीएम होशियार सिंह ने दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र ध्वज हमारी अस्मिता व आन-बान-शान का प्रतीक है। इसलिए राष्ट्रीय ध्वज संहिता के अनुरूप ध्वजारोहण के नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए और आमजन को नियमों के बारे में विधिवत रूप से जानकारी दी जाए।
उन्होंने बताया कि सरकार ने देश की झंडा संहिता में बदलाव किया है जिसके तहत अब तिरंगा दिन और रात दोनों समय फहराये जाने की अनुमति रहेगी। साथ ही अब पॉलिएस्टर और मशीन से बने राष्ट्रीय ध्वज का भी उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने दोहराया कि सरकार द्वारा %आजादी अमृत महोत्सव के तहत 13 से 15 अगस्त तक %हर घर तिरंगा अभियान के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है।
इस बीच एएफएसओ अमरजीत सिंह और इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश यादव ने संयुक्त रूप से मुख्य अतिथि एवं एसडीएम होशियार सिंह का स्वागत करते हुए बताया कि उपमंडल के सभी गांवों में सरकारी राशन की दुकानों पर तिरंगे झंडे की व्यवस्था करा दी गई है। इन झंडा वितरण केंद्रों में कोई भी नागरिक केवल 20 रुपये की राशि का भुगतान कर झंडा खरीद सकता है।