रेवाड़ी। शहर के उत्तम नगर मोहल्ले में व्यवस्थाएं निमभनतम हैं। यहां के गुरुद्वारा वाली गली में जर्जर सड़कें व बंद पड़ी नालियों की वजह से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्ट्रीट लाइटों का भी अभाव है। साथ ही सफाई व्यवस्था भी बदहाल है। चारों तरफ गंदगी का ढेर पड़ा रहता है। इसके कारण यहां से गुजरने में अब राहगीर कतराने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन के समक्ष शिकायत की, बावजूद इसके अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। क्षेत्र की हालत ज्यों की त्यों बनी हुई है।
उत्तम नगर की सड़क 10 वर्ष से अधिक समय से बदहाल है, लेकिन नगर परिषद का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। लोगों ने बताया कि कई बार इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों को की है, लेकिन सिफ़ॱर आश्वासन ही मिलता है। कई बार रोड़ी-कंकरीट लगने के कारण राहगीर चोटिल हो रहे हैं। मोहल्ले की गलियों में स्ट्रीट लाइट की कमी के चलते रातभर अंधेरा पसरा रहता है। इसके कारण चोरी की वारदात भी बढ़ रही हैं।
लोगों की प्रतिक्रिया-
क्षेत्र में सड़कों की हालत कई वर्षों से खराब पड़ी है। अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे। कई बार इसकी शिकायत नप में की गई लेकिन अधिकारियों के पास सिर्फ आश्वासन के अलावा कोई जवाब नहीं है। सफाई व्यवस्था भी बदहाल है।
- फकरुद्दीन, स्थानीय निवासी
-------------------
स्ट्रीट लाइट के अभाव के चलते रात के समय लूट आदि का भय बना रहता है। चोरी की वारदातें भी बढ़ रही हैं। आए दिन किसी-किसी घर में चोरी होती ही रहती है। वहीं सड़कों पर अवांछनीय तत्व घूमते दिखाई देते हैं, जो रात में वारदात को अंजाम देते हैं। यहां पर पुलिस भी नहीं रहती, जिसके कारण अपराधियों को किसी का कोई डर नहीं है।
- योगेश स्थानीय निवासी
-------------------
सड़कों के किनारे कूड़े व गंदगी का अंबार लगा पड़ा है, जिसके कारण यहां बदबू आती है। इसलिए अब इस क्षेत्र में लोग आने से भी क़तराने लगे हैं। कई बार अधिकारियों को इससे अवगत कराया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। ट्रैक्टर भी प्रतिदिन नहीं आता, एकदिन छोड़कर एक दिन आता है। इसके चलते लोगों को कचरा गली में ही फेंकना पड़ रहा है। सफाई की ओर किसी का ध्यान नहीं है।
- सरोज, स्थानीय निवासी
------------------
क्या बोले पार्षद:
उत्तम नगर में ही स्ट्रीट लाइटों की कमी है। इस बारे में अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया है, लेकिन अभी लाइट नहीं लगाई गई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि समस्या को जल्द ठीक कर दिया जाएगा।
रेखा, पार्षद वार्ड नंबर- 12
----
वर्जन
हाउस की बैठक में सभी मोहल्लों में स्ट्रीट लाइट के प्रस्ताव पास कर दिए गए हैं। जल्द ही लाइट लगवा दी जाएंगीं। सड़कों को भी जल्द ही दुरुस्त कर दिया जाएगा। नगर परिषद की ओर से लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
-प्रवीन कुमार, सचिव नप