संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के अनाज मंडी गेट के पास बाइक सवार दो लोग एक महिला को बातों में उलझाकर उसके कानों के कुंडल निकालकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस शिकायत में अनाजमंडी निवासी पार्वती देवी ने बताया कि वह मंडी के गेट के पास चीटियों को दाना डालने के लिए गई थी। जब वह दाना डाल रही थी तो एक बाइक पर दो लोग वहां आ गए। इन लोगों ने उससे कहा कि वह उसके हाथ पर एक पर्ची रखेंगे। पर्ची उठाते ही उसके 1500 रुपये बन जाएंगे। दोनों ने उसे काफी देर तक बातों में उलझाए रखा। इसके बाद कानों के कुंडल निकालकर बाइक से फरार हो गए। उसने काफी शोर भी मचाया। पुलिस ने उसकी सूचना पर केस दर्ज करने के बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए।