संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन जाने के लिए मंगलवार की रात ऑटो रिक्शा में सवार हुए अंडमान निवासी एक युवक का बैग लेकर ऑटो सवार बदमाश भाग गया। बैग में 26 हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज थे। पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर मॉडल टाउन थाना पुलिस ने दो बदमाश के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अंडमान के जिला लिटिल निवासी पीकेएस मूर्ति ने बताया कि वह मंगलवार की रात दिल्ली से बस में सवार होकर रेवाड़ी बस स्टैंड पहुंचा था। उसे जोधपुर में एक नौकरी के लिए इंटरव्यू देने जाना है। इसके लिए उसे रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़नी थी। इसी दौरान बस स्टैंड के बाहर एक ऑटो आकर रुका। ऑटो चालक से उसने रेलवे स्टेशन चलने के लिए कहा। 100 रुपये में ऑटो रिक्शा बुक कर वह ऑटो में सवार हो गए। शहर से अनजान होने का फायदा उठाते हुए ऑटो में सवार दो बदमाश उसे रेलवे स्टेशन की बजाए किसी सुनसान जगह ले गए और इशारा कर कहा कि सामने रेलवे स्टेशन है। जैसे ही वह ऑटो से उतरकर चालक को पैसे देने लगे तो ऑटो सवार बदमाश उसका बैग लेकर भाग गए। ट्रॉली बैग में 26 हजार रुपये, डेबिट कार्ड, एक मास्टर कार्ड एमआरसीएस ओरिएंटल और कपड़े थे। उसने शोर भी मचाया लेकिन बदमाश भाग गए। रात साढ़े 12 बजे अनजान जगह होने के कारण वह इधर-उधर घूमते रहे। इसके बाद उसने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीकेएस मूर्ति की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।