संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर में शुक्रवार को जिला नगर आयुक्त सुमिता ढाका ने स्वच्छता अभियान के तहत काठ मंडी, रेलवे रोड और मेन बाजार का दौरा किया। इस दौरान बाजार में अतिक्रमण को देखकर उन्होंने व्यापारियों को चेतावनी दी। कुछ स्थानों पर अतिक्रमण कर रखा सामान भी जब्त किया गया। डीएमसी ने व्यापारियों से शहर को साफ सुथरा बनाने में सहयोग करने की अपील भी की। उन्होंने नालों पर डाली गई जाली क्षतिग्रस्त देख ठेकेदार का भुगतान रोकने के आदेश दिए।
दौरे के दौरान कुछ व्यापारिक संगठनों ने डीएमसी को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। बता दें कि रेलवे रोड पर कुछ दिन पहले ही नालों पर लोहे की जालियां डाली गई थीं। शुक्रवार को रेलवे रोड पर निरीक्षण करने पहुंची डीएमसी ने जब नालों पर डाली गई जाली देखी तो वे टूटी हुई मिलीं। उन्होंने मौके पर ही जेई को तलब कर ठेकेदार की पेमेंट रोकने के आदेश दिए और साथ ही दोबारा से नई लोहे की जालियां लगवाने के आदेश दिए। इस दौरान व्यापारियों ने डीएमसी को बताया कि शहर के बीच में दुकानों के साथ बनाए गए नालों में खामियां बरती जा रही हैं। जिस पर डीएमसी ने इसकी फाइल मंगवाने और गुणवत्ता के लिए सैंपल चेक कराने की बात कही।
इस दौरान रेलवे रोड एसोसिएशन की तरफ से डीएमसी को एक मांग पत्र सौंपा गया। इसमें बताया गया कि रेलवे चौक पर बीच सड़क पर ही ऑटो खड़े हो जाते हैं जिसकी वजह से पूरे दिन जाम लगा रहता है। उन्होंने मांग की कि यहां पर ऑटो के लिए अलग से स्टैंड बनाया जाए जिससे लोगों को जाम से निजात मिले और व्यापारियों को भी परेशानी न हो। साथ ही रेलवे रोड पर अतिक्रमण को हटाने की भी मांग की गई। इस दौरान डीएमसी के साथ सीएसआई व सामाजिक संगठन के लोग भी मौजूद रहे।