- 1.49 करोड़ की लागत से होंगे मरम्मत व सुधार कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के धारूहेड़ा खेल परिसर को छोड़कर बाकी चार राजीव गांधी खेल परिसर अगले तीन से चार माह में नए स्वरूप में नजर आएंगे। लंबे समय से जर्जर बिल्डिंग, उखड़े मैदान, टूटी दीवारें और खराब लाइटिंग से खिलाड़ियों को हो रही परेशानी जल्द ही दूर हो जाएगी। इन खेल परिसरों के सुधार के लिए करीब 1 करोड़ 49 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
गुरावड़ा, आशियाकी पांचौर, मनेठी और कोसली स्थित राजीव गांधी खेल परिसरों में खिलाड़ियों को जल्द बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से इन स्टेडियमों में मरम्मत व सुधार कार्य कराया जा रहा है। कोसली और आशियाकी पांचौर में कार्य शुरू भी हो चुका है जबकि अन्य परिसरों में भी जल्द काम तेज किया जाएगा।
लंबे समय से खराब थी खेल परिसरों की हालत
इन खेल परिसरों की हालत काफी समय से खराब बनी हुई थी। कई जगहों पर बिल्डिंगों के शीशे टूटे हुए हैं और दरवाजे भी नहीं हैं। खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित स्थान न होने के कारण उन्हें अपना खेल सामान रोजाना घर से लाना पड़ता है। वहीं कई मैदान उखड़े पड़े हैं और रनिंग ट्रैक में गड्ढे होने से खिलाड़ियों को अभ्यास के दौरान चोट लगने का खतरा बना रहता है।
पानी व मूलभूत सुविधाओं की भी थी कमी
खेल परिसरों में कई जगह पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव था। इसके अलावा रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने के कारण खिलाड़ी शाम के बाद अभ्यास नहीं कर पाते थे। सुविधाओं के अभाव में खिलाड़ियों का रूझान भी कम होने लगा था और उन्हें बेहतर अभ्यास के लिए दूसरी जगहों का रुख करना पड़ता था।
इन कार्यों पर होगा खर्च
स्वीकृत बजट से खेल परिसरों में बिल्डिंग की मरम्मत, एथलेटिक ट्रैक को ठीक करना, मैदानों को समतल करना, टूटी दीवारों की मरम्मत, चारदीवारी को मजबूत करना और मैदानों की सफाई जैसे कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही स्टेडियमों में हाईमास्ट लाइट भी लगाई जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर रोशनी मिल सकेगी।
वर्जन:
चारों खेल परिसरों की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। जिन कार्यों की सूची तैयार की गई है, वे सभी कार्य पूरे करवाए जाएंगे। करीब तीन से चार माह में मरम्मत का काम पूरा हो जाएगा और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
- ममता देवी, कार्यवाहक जिला खेल अधिकारी