कोसली। क्षेत्र के एक गांव में पिछले दिनों 68 वर्षीय बुजुर्ग ने एक युवती की ओर से दुष्कर्म का आरोप लगाने के कारण जहरीला पदार्थ निगल कर खुदकुशी की थी। मृतक के पुत्र ने युवती के परिजनों पर ब्लैकमेलिंग करने और रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि करीब छह माह पहले पड़ोसी बुजुर्ग ने उसे लस्सी लेने के बहाने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती का आरोप है कि घटना के बारे में किसी को बताने पर आरोपी ने उसे धमकी दी थी जिससे वह चुप रही।
युवती ने बताया कि 16 जुलाई को अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद गर्भ जांच कराने पर उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई थी। परिजनों के साथ वह आरोपी के घर पहुंची जहां विवाद हुआ। इसके बाद युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
केस दर्ज होने के डर से जहर खाने का आरोप
पुलिस के अनुसार मामला दर्ज होने की जानकारी होने के बाद 68 वर्षीय बुजुर्ग ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उन्हें कोसली अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था। मृतक के पुत्र ने पुलिस को सुसाइड नोट सौंपते हुए आरोप लगाया कि युवती के परिजन उसके पिता पर दबाव बना रहे थे और 70 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। उसकी शिकायत पर भी पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
डीएनए जांच से होगी स्थिति स्पष्ट
जांच अधिकारी पूनम देवी ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए युवती का डीएनए परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों पर मामले दर्ज कर लिए गए हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।