फोटो : 39विद्यार्थियों का मूल्यांकन शिक्षक। स्रोत : विभाग
रेवाड़ी। नई शिक्षा नीति-2020 और निपुण हरियाणा मिशन के तहत जिले के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में दो दिवसीय जीनियस ग्रुपिंग एक्सरसाइज का समापन हुआ। इस दौरान कक्षा दूसरी व तीसरी के कुल 10 हजार 335 विद्यार्थियों की साक्षरता एवं गणितीय दक्षता का मूल्यांकन निपुण हरियाणा टीचर ऐप के माध्यम से किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद्र ने इसे बच्चों की शैक्षिक यात्रा को मजबूत नींव देने वाला प्रयास बताया। वहीं, जिला परियोजना समन्वयक राजेंद्र शर्मा ने कहा कि इससे प्राप्त आकड़े आगामी कार्ययोजना की आधारशिला बनेंगे।
जिला समन्वयक चरण सिंह ने बताया कि पहले दिन लिटरेसी असाइनमेंट और दूसरे दिन न्यूमेरिकल असाइनमेंट सम्पन्न हुआ। उन्होंने कहा कि भाषा व गणित दोनों का संयुक्त मूल्यांकन ही बच्चों की वास्तविक शैक्षिक जरूरतें स्पष्ट करता है।
इस आकलन में टीजीटी व पीजीटी शिक्षकों ने आकलनकर्ता की भूमिका निभाई और समयबद्ध तरीके से विद्यार्थियों का मूल्यांकन सुनिश्चित किया। अब विद्यालयवार डेटा का विश्लेषण कर संघर्षरत विद्यार्थियों के लिए सुधारात्मक योजनाएं बनाई जाएंगी और प्रगति की निरंतर समीक्षा होगी।