संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। पंजाबी समाज की बैठक सोमवार को पंजाबी भवन अध्यक्ष सचिन मलिक की अध्यक्षता में हुई। इसमें कई मुद्दों पर चर्चा की गई और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
पंजाबी समाज के अध्यक्ष सचिन मलिक ने बताया कि समाज की ओर से संचालित स्वर्गाश्रम का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। बैठक में किसी की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार में सामान व विश्राम गृह का खर्च तय किया गया। इसकी जानकारी स्वर्गाश्रम कमेटी की ओर से जल्द ही स्वर्गाश्रम में लगवा दी जाएगी। सभी कार्य स्वर्गाश्रम कमेटी के माध्यम से करवाए जाएंगे। सभी खर्चों का ब्योरा कमेटी द्वारा तय दरों पर उपलब्ध करवाया जाएगा। यह भी निर्णय लिया है कि रस्म पगड़ी के दौरान बनने वाला भोजन केवल समाज के लोगों व बाहर से आने वाले रिश्तेदारों के लिए ही बनाया जाएगा। रस्म पगड़ी के भोजन में शहर का स्थानीय समाज भाग नहीं लेगा।
पंजाबी समाज के सचिव नरेंद्र बत्रा ने समाज की सामाजिक आवश्यकताओं के प्रति चिंता दिखाने के लिए सचिन मलिक के प्रयासों की सराहना की। प्रवक्ता डॉ. नवीन अदलखा ने कहा कि इस तरह के फैसले पंजाबी समाज के सभी वर्ग के लोग लाभान्वित होंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि समाज के वरिष्ठ लोगों की एक टीम बनाई जाएगी। समाज टीम के मार्गदर्शन में कार्य करेगा। बताया गया कि पंजाबी भवन के प्रांगण में समाज की भलाई के लिए वैवाहिक सेवाएं, निशुल्क पुस्तक बैंक, योग केंद्र, निशुल्क वस्त्र वितरण आदि सभी गतिविधियां जारी रहेंगी।
बैठक में मुख्य रूप से नगर परिषद के वाइस चेयरमैन श्याम सुंदर चुघ, पंजाबी धर्मशाला एवं स्वर्ग आश्रम कमेटी के अध्यक्ष किशन मेहता, मियांवाली पंचायत घर के अध्यक्ष पवन बत्रा, गुरुद्वारा साहिब बारा हजारी के अध्यक्ष सरदार प्रीतपाल, नवीन पोपली, मुरली मनोहर मंडल के प्रधान संजीव दुआ, अंजू टंडन, नम्रता सचदेवा उपस्थित रहे।