रेवाड़ी। बावल आईएमटी स्थित एक कंपनी की कैंटीन में खाना खाने के दौरान थाली से दो रोटी उठाने की रंजिश में एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर कर्मचारी को पीटकर घायल कर दिया। घायल कर्मचारी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं बावल थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जिले के गांव नरसिंहपुर गढ़ी का रहने वाला पुरुषोत्तम बावल आईएमटी स्थित एक कंपनी में नौकरी करते हैं। सुबह करीब 10 बजे वह कंपनी की कैंटीन में रोटी खाने के लिए गया था। कैंटीन में लगी मशीन से वह रोटियां ले रहा था। इसी दौरान एक अन्य कर्मचारी रोटी ले चुका था। उसकी खाने की थाली साथ रखी थी, जिसमें से उसने दो रोटियां उठाकर खा ली। बस इसी बात पर रंजिश हो गई और आरोपी ने पुरुषोत्तम को कंपनी से बाहर निकलने पर देख लेने की धमकी दी।
पुरुषोत्तम ने बताया कि जब वह कंपनी से छुट्टी होने के बाद घर जा रहा था तो चिराहड़ा फाटक के पास पहले से 3 बाइकों पर 5-6 युवक खड़े थे, जिन्होंने पुरुषोत्तम को रोक लिया। आरोपियों में वो युवक भी था, जिसकी थाली से पुरुषोत्तम ने रोटी उठाई थी। आरोप है कि युवकों ने उसकी बाइक की चाबी निकाली और उसे गिरा दिया। इसके बाद उन्होंने उसे पहले थप्पड़-मुक्कों से मारा और फिर उसको रेलवे लाइन पर ले गए, जहां उसे बेरहमी से पीटा गया। ट्रेन आती देख आरोपी उसे मौके पर ही छोड़कर भाग गए। वह बड़ी मुश्किल से ट्रेन की चपेट में आने से बचा। उसने अपने किसी परिचित को फोन कर मौके पर बुलाया और फिर निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। सूचना के बाद अस्पताल पहुंची बावल थाना पुलिस ने पुरुषोत्तम की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।