बावल (रेवाड़ी)। चार दिनों से लापता उत्तम नगर निवासी गरिमा (18) का शव शनिवार को रूध गांव स्थित जोहड़ (तालाब) से बरामद किया गया। परिजनों ने युवती की गुमशुदगी की सूचना बावल थाने में दर्ज कराई थी।
उत्तम नगर निवासी गरिमा दो भाइयों और पिता के साथ बावल में किराये के मकान में रहती थी। उसकी मां की दो साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पिता नंदकिशोर ने बताया कि वह 1 अक्तूबर को ड्यूटी पर गए थे। घर पर छोटा बेटा और गरिमा मौजूद थी। शाम 7 बजे वह सब्जी लेने गए। लौटे तो देखा कि गरिमा घर पर नहीं है।
आसपास तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। उन्होंने बावल थाने में बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। नंदकिशोर ने बताया कि उनकी बेटी मानसिक रूप से कमजोर थी। हो सकता है वह जोहड़ किनारे से गुजर रही हो और पैर फिसलने से पानी में गिर गई हो। उधर, अन्य लोगों ने गरिमा का चप्पल जोहड़ के पास मिलने के कारण सुसाइड की आशंका जताई है।
शनिवार सुबह मंदिर जा रहे ग्रामीणों ने जोहड़ में शव देखकर इसकी सूचना बावल थाना पुलिस को दी। मौके पर पुलिस ने देखा कि युवती का शव पानी में पड़ा है। शव फूल चुका था।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवती की मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले में जांच कर रही है।