रेवाड़ी। जिला नंबरदार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शनिवार को जिला प्रधान उदयराज राव नंबरदार के नेतृत्व में सेक्टर चार स्थित आवास पर विधायक लक्ष्मण सिंह यादव को ज्ञापन सौंरा। इसमें नंबरदारों की नई नियुक्ति पर लगी रोक हटाने की मांग की गई थी।
इससे पूर्व एसोसिएशन की बैठक बाल भवन में हुई। इसमें जिला प्रधान उदयराज राव नंबरदार ने नंबरदारों की मांगों को पूरा कराने के लिए रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने का प्रस्ताव रखा। इसके बाद विधायक को ज्ञापन सौंपा गया। विधायक ने नंबरदारों को यह आश्वासन दिया कि वे इनकी मांगों को पूरा कराने के लिए मुख्यमंत्री से बात करेंगे। नंबरदारों ने कहा कि सरकार ने विधानसभा चुनाव से पूर्व नंबरदारों का राज्यस्तरीय सम्मेलन पंचकूला में कर उनकी मांगों को लागू करने की घोषणा की बात कही थी लेकिन चुनाव की घोषणा होने के कारण सम्मेलन नहीं हुआ।
कहा कि नई सरकार के गठन को 4 माह बीत चुके हैं और अब तक नंबरदारों की उचित मांगों को पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने विधायक लक्ष्मण सिंह यादव से मांगों को पूरा कराने का अनुरोध भी किया। उन्होंने कहा कि नंबरदारों की नई नियुक्ति पर लगी रोक हटाई जाए, आयु सीमा की शर्त हटाई जाए, नंबरदारों का मानदेय सरपंचों के समान 5 हजार रुपये मासिक किया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में वरिष्ठ उप प्रधान अर्जुन सिंह, धर्मवीर नंबरदार, विकास यादव, जसवंत सिंह, गिरिराज नंबरदार, दयानंद छाबड़ी नंबरदार मौजूद रहे।