संवाद न्यूज एजेंसी
भिवाड़ी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की तरफ से आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता में अलवर टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमा लिया। फाइनल मुकाबला भिवाड़ी और अलवर टीम के बीच खेला गया।
समापन समारोह में विजेता अलवर टीम और उपविजेता भिवाड़ी टीम को सम्मानित किया गया। एबीवीपी पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, सहयोग और खेल भावना को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने युवाओं से क्रिकेट के साथ-साथ भारतीय पारंपरिक खेलों को भी अपनाने की अपील की।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विभाग संगठन मंत्री पवन गुर्जर ने किया। पवन गुर्जर ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्षशीलता का विकास करते हैं। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए।
कार्यक्रम में एबीवीपी के जिला प्रमुख देवेंद्र राज, प्रांत कार्यसमिति सदस्य नेहा सैन, जिला संयोजक अनूप यादव, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य रवि दायमा, काजल, हर्षिता, मुस्कान आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।