फोटो: 16रेवाड़ी। गांव शाहपुरा में आयोजित कार्यक्रम में पत्रकार वार्ता करती स्वास्थ्य एवं आय
बावल। गांव शाहपुरा व बावल में आयोजित सभाओं को हरियाणा की स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने संबोधित किया। स्वास्थ्य मंत्री का बावल से विधायक डॉ. कृष्ण कुमार व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने स्वागत किया। आरती राव ने कहा कि बावल विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा प्रयासरत रहेंगी। प्रदेश में अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सेवाएं दिलवाने का प्रयास है जिसके लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा प्रदेश के सभी क्षेत्रों में एफआरयू की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है ताकि गर्भवतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कहा कि हरियाणा सरकार अब स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियुक्ति पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत कर रही है। राज्य में डॉक्टरों की भारी कमी और ग्रामीण क्षेत्रों में डॉक्टरों की तैनाती की चुनौती को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
बताया कि शुरुआत में प्रत्येक सीएचसी पर एक गायनोलॉजिस्ट (स्त्री रोग विशेषज्ञ) और एक पेडियाट्रिशन (बाल रोग विशेषज्ञ) नियुक्त करने का लक्ष्य है। इनकी नियुक्ति राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के माध्यम से होगी। इसके साथ ही हर विधानसभा क्षेत्र में एक फर्स्ट रेफरल यूनिट भी बनाई जा रही है ताकि गंभीर मामलों में तुरंत इलाज मिल सके। सरकार का उद्देश्य है कि ग्रामीण इलाकों में भी लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।
प्रदेश में 700 सीएचसी और पीएचसी की हालत खराब
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि प्रदेश के 700 सीएचसी और पीएचसी की हालत खराब है। इसमें से 500 के सुधार के लिए अप्रूवल हो चुकी है। जिन पर कार्य जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। वहीं बाकी 200 सीएचसी के सुधार के लिए भी जल्द कार्य शुरू कर दिया जाएगा।