गांव खरखड़ी में हिस्सेदारी के पैसों को लेकर शुरु हुए विवाद में एक युवक को गोली मारने वाले उसके पार्टनर को रामपुरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गांव बैहरमपुर निवासी मुकेश के रूप में हुई है। आरोपी का कोरोना टेस्ट कराने के बाद उसे क्वारंटीन सेंटर में भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
रामपुरा थाना प्रभारी नीरज ने बताया कि गांव खरखड़ी निवासी मनमोहन ने गांव के बस स्टैंड पर स्थित अपने खेतों में मत्सय पालन का कार्य शुरू किया था। इस कार्य में उसने आरोपी मुकेश को बतौर पार्टनर शामिल करते हुए उससे 80 हजार रुपये लिए थे। 28 नवंबर 2019 को आरोपी मुकेश अपने हिस्सेदारी का पैसा वापस लेने के लिए मनमोहन के पास पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और मुकेश ने पिस्तौल निकाल कर मनमोहन को गोली मार दी। गोली मनमोहन के पैर में लगी थी। पुलिस ने आरोपी मुकेश के खिलाफ हत्या का प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। मंगलवार रात को पुलिस ने आरोपी मुकेश को गिरफ्तार कर लिया है।