संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। साहबी पुल के मोड़ के पास मंगलवार को टेंपो पलटने से दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। इस मामले में धारूहेड़ा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में यूपी के जिला इटावा के गांव गर गनसरा थाना भरथना निवासी पिंटू ने बताया कि वह मजदूरी करता है। रेवाड़ी में गांव हजारीबाग में किराये के मकान में रता है। 13 मई को वह लोडिंग टेंपो में कोयला खाली करने के लिए धारूहेड़ा जा रहा था। केबिन में वह ड्राइवर के बगल में बैठा था।
बताया कि शिवम व पंकज कोयला के कट्टों के साथ गाड़ी के पीछे बैठे थे। वह सुबह 9 बजे चले थे। लोडिंग टेंपो का चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। चालक को धीमी गति से चलने के लिए कहा लेकिन वह वह नहीं माना।
जब वह साहबी पुल पार करके दिल्ली की तरफ पहुंचे तो इसी दौरान मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से टेंपो पलट गया। पीछे बैठे पंकज व शिवम सड़क पर सिर के बल गिर गए और उन्हें काफी चोटें आईं। पिंटू को भी इस दौरान चोटें आईं। राहगीरों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
पिंटू को ट्रामा सेंटर रेवाड़ी दाखिल कराया। पंकज व शिवम को ज्यादा चोटें लगने के कारण पीजीआई (रोहतक) रेफर कर दिया। इस दौरान रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया। धारूहेड़ा पुलिस ने शिकायत के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ के दर्ज कर लिया है।