संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। प्राथमिक शिक्षकों को दीक्षा एप पर ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का कार्य 20 मई तक पूरा करना होगा।
इसको लेकर हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी किया है। पत्र में बताया गया है कि प्राथमिक कक्षाओं में बुनियादी शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए शिक्षक लिए दीक्षा एप पर दो ऑनलाइन कोर्स करवाए जा रहे हैं। ई-लर्निंग को बढ़ावा देने के लिए दीक्षा एप पर शिक्षकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया आएगा। बता दें कि जिले में 398 प्राइमरी स्कूल हैं। इनमें 1250 शिक्षक पठन-पाठन से जुड़े हैं। करीब 40 हजार विद्यार्थी शिक्षा ले रहे हैं।
दीक्षा एप पर विषयवार पाठ्यक्रम सामग्री अपलोड कर दी गई है। विद्यालयों में अध्यापकों को दो चरणों में प्रशिक्षित किया जाएगा। एप के माध्यम से अध्यापकों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए ई-कंटेंट उपलब्ध करवाने को लेकर जानकारी दी जाएगी।शिक्षा निदेशालय की ओर से ई-लर्निंग को बढ़ावा देने पर लगातार कार्य किया जा रहा है। अब इसके लिए दीक्षा पोर्टल पर अध्यापकों और विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए दीक्षा एप पर दो कोर्स जारी किए गए हैं।
वर्जन
शिक्षा निदेशालय की तरफ से ई-लर्निंग को बढ़ावा देने का कार्य लगातार किया जा रहा है। दीक्षा पोर्टल पर बेहतर और अधिक कंटेंट के लिए अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। दीक्षा एप पर दो कोर्स जारी किए गए हैं।-चरण सिंह, एफएलएन, जिला कोऑर्डिनेटर रेवाड़ी।